
![]()
ऋषिकेश 15 अगस्त। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नगर निगम ऋषिकेश परिसर में शनिवार को 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास, गरिमा और राष्ट्रभक्ति के वातावरण में मनाया गया। नगर निगम के महापौर शंभू पासवान ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर समारोह का शुभारंभ किया। ध्वजारोहण के बाद उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों ने राष्ट्रगान गाकर तिरंगे को सलामी दी।
इस अवसर पर महापौर शंभू पासवान ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को स्मरण करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता के साथ नागरिकों के कर्तव्य भी जुड़े हैं। प्रत्येक व्यक्ति को ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए।
महापौर ने नगर निगम के अधिकारियों, कर्मचारियों और पर्यावरण मित्रों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि स्वच्छ, सुंदर और विकसित ऋषिकेश के निर्माण में निगम परिवार का महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने कार्मिकों से जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
समारोह के दौरान नगर निगम के विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले कर्मचारियों, पर्यावरण पर्यवेक्षकों तथा पर्यावरण मित्रों को महापौर द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मानित कार्मिकों ने इसे अपने कार्य के प्रति प्रोत्साहन बताते हुए भविष्य में भी पूरी निष्ठा से कार्य करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में श्री गंगा सभा की टीम एवं नगर निगम के कार्मिकों द्वारा देशभक्ति गीतों की प्रस्तुतियां दी गईं। देशभक्ति से ओत-प्रोत गीतों ने समारोह में मौजूद लोगों में उत्साह और राष्ट्रप्रेम का संचार किया। उपस्थित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
समारोह में नगर निगम की जनकल्याणकारी योजनाओं, स्वच्छता अभियानों और नगर विकास कार्यों की जानकारी भी साझा की गई। वक्ताओं ने कहा कि स्वतंत्रता का वास्तविक उद्देश्य तभी सार्थक होगा, जब प्रत्येक नागरिक स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक समरसता और जनहित के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाए।
समारोह में नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी, पार्षदगण, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं शहर के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित लोगों को मिष्ठान वितरित किया गया और राष्ट्रहित एवं जनहित के कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया।


