भाजपा सरकार के खिलाफ कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, पुतला दहन कर जताया आक्रोश
ऋषिकेश 12 अगस्त। हल्द्वानी में 8 अगस्त को आयोजित कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा में शामिल होने जा रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को नैनीताल पुलिस प्रशासन द्वारा कथित रूप से जगह-जगह रोके जाने के विरोध में बुधवार को ऋषिकेश में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। रेलवे रोड स्थित कांग्रेस भवन के सामने कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार का पुतला दहन कर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग कर विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है। उनका कहना था कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को राजनीतिक कार्यक्रमों में शामिल होने से रोकना लोकतांत्रिक अधिकारों के लिए गंभीर चिंता का विषय है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक राजनीतिक दल को शांतिपूर्ण ढंग से अपनी बात रखने और कार्यक्रम आयोजित करने का समान अधिकार है।
इस मौके पर जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल एवं महानगर अध्यक्ष ललित मोहन मिश्र ने कहा कि सत्ता के बल पर कांग्रेस की आवाज को दबाया नहीं जा सकता। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को कार्यक्रमों में जाने से रोककर पुलिस प्रशासन के माध्यम से परेशान किया गया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकतंत्र, संविधान और जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष जारी रखेगी।
कांग्रेस नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि खड़गे के कार्यक्रम के बाद मंच की गंगा जल से सफाई कराए जाने की घटना दलित विरोधी मानसिकता को दर्शाती है। कांग्रेस ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि पार्टी सामाजिक समानता और संविधान में निहित अधिकारों की रक्षा के लिए लगातार आवाज उठाती रहेगी।
इस अवसर पर प्रदेश सचिव एडवोकेट राकेश सिंह एवं महंत विनय सारस्वत ने कहा कि कांग्रेस देश की सबसे पुरानी लोकतांत्रिक पार्टी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को डराने-धमकाने अथवा राजनीतिक कार्यक्रमों में जाने से रोकने की किसी भी कोशिश का पुरजोर विरोध किया जाएगा।
पुतला दहन के मौके पर महिला कांग्रेस अध्यक्ष पुष्पा मिश्रा, मदन मोहन शर्मा, प्यारेलाल जुगरान, शेर सिंह रावत, मदन शर्मा, राकेश अग्रवाल, मधु मिश्रा, पार्षद देवेंद्र प्रजापति, सरोजिनी थपलियाल, सत्य कपरुवान, भगवान सिंह पंवार, मनीष जाटव, संजय भारद्वाज, भूपेंद्र राणा, ऋषि सिंघल, रुकम पोखरियाल, वीरेंद्र नौटियाल, विनोद रतूड़ी, अभिषेक शर्मा, सूरज भट्ट, पुरंजय भारद्वाज, जगजीत सिंह ‘जग्गी’, राकेश वर्मा, बप्पी अधिकारी, रवि थापा, आयुष थापा, शिवम रावत सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।