बदरीनाथ धाम में दान चोरी मामले में जेपीसी गठन की मांग, राम मंदिर ट्रस्ट भंग करने की उठाई आवाज, कांग्रेस हुई मुखर
ऋषिकेश, 6 जुलाई। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा ने बदरीनाथ धाम में कथित चढ़ावा चोरी प्रकरण की जांच के लिए उत्तराखंड विधानसभा में संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) गठित करने की मांग की है। साथ ही उन्होंने श्री राम जन्मभूमि मंदिर में चढ़ावा चोरी के मामले को गंभीर बताते हुए पूरे ट्रस्ट को भंग कर सभी ट्रस्टियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किए जाने की मांग की।
सोमवार को रेलवे रोड स्थित कांग्रेस भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में आलोक शर्मा ने कहा कि श्री राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के मामले में गिरफ्तार आठ आरोपियों की पुलिस रिमांड ली जाती तो कई बड़े नाम सामने आ सकते थे। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इस मामले में प्रभावशाली लोगों को बचाने का प्रयास कर रही है। कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि राम मंदिर में चढ़ावा चोरी की पूरी साजिश पहले से रची गई थी और ट्रस्ट से जुड़े लोगों ने अपने करीबी व्यक्तियों को नियुक्त कर व्यवस्था को प्रभावित किया। उन्होंने कहा कि संत समाज को ही मंदिर ट्रस्ट का संचालन करना चाहिए। आलोक शर्मा ने कहा कि उत्तराखंड में पहले केदारनाथ धाम में सोना गायब होने का मामला सामने आया और अब बदरीनाथ धाम में चढ़ावा चोरी के आरोप लगे हैं। उन्होंने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल की मांग का समर्थन करते हुए कहा कि बदरीनाथ धाम प्रकरण की निष्पक्ष जांच के लिए विधानसभा की जेपीसी का गठन किया जाना चाहिए। उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि स्वयं को सनातन धर्म का संरक्षक बताने वाली सरकार धार्मिक स्थलों से जुड़े मामलों में जवाबदेही तय करने में विफल रही है। उन्होंने यह भी कहा कि चढ़ावा चोरी के मामलों पर धार्मिक और सामाजिक संगठनों की चुप्पी भी सवाल खड़े करती है। पत्रकार वार्ता में कांग्रेस जिला अध्यक्ष मोहित उनियाल, महानगर अध्यक्ष ललित मोहन मिश्र, पूर्व पालिकाध्यक्ष दीप शर्मा, जयेंद्र रमोला, पूर्व महानगर अध्यक्ष एडवोकेट राकेश सिंह, चंदन सिंह पंवार, मदन मोहन शर्मा, रवि कुमार जैन, अरविंद जैन, पुष्पा मिश्रा, प्रदीप जैन और अभिषेक शर्मा सहित कई कांग्रेस पदाधिकारी मौजूद रहे।