![]()
ऋषिकेश, 21 जून। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के अवसर पर त्रिवेणी घाट के पावन तट पर भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सैकड़ों स्थानीय नागरिकों, योग साधकों और शहर के प्रबुद्ध लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योग को जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 7 बजे हुआ। सभी ने गंगा तट पर सामूहिक रूप से विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास किया। पूरे आयोजन के दौरान उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा का वातावरण बना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक प्रेमचंद अग्रवाल, महापौर शंभू पासवान तथा भाजपा जिला अध्यक्ष राजेंद्र तड़ियाल उपस्थित रहे। अतिथियों ने स्वयं योगाभ्यास में भाग लेते हुए लोगों को स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल, संदीप गुप्ता, कपिल गुप्ता, गंगा सभा के अध्यक्ष राहुल शर्मा, चंद्रशेखर शर्मा सहित नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।
वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवन का आधार है।
उन्होंने कहा कि योग को एक दिन के आयोजन तक सीमित न रखकर दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाया जाना चाहिए, जिससे स्वस्थ समाज और सशक्त राष्ट्र का निर्माण संभव हो सके।
कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथियों ने नगर निगम के अधिकारियों, कर्मचारियों और स्थानीय जनता को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए योग को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
