प्लास्टिक मुक्त ऋषिकेश की दिशा में पहल, एनसीएपी के तहत कार्यशाला आयोजित
महापौर शम्भू पासवान ने किया शुभारंभ, युवाओं से प्लास्टिक उपयोग घटाने की अपील
ऋषिकेश 7 मई। नगर निगम ऋषिकेश द्वारा नेशनल क्लीन एयर प्रोग्राम (एनसीएपी) के अंतर्गत शहर को प्रदूषण मुक्त और स्वच्छ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई। इस क्रम में सीमा डेंटल कॉलेज में ‘ऋषिकेश शहर में प्लास्टिक का उपयोग कैसे कम हो’ विषय पर एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ नगर निगम के महापौर शम्भू पासवान द्वारा किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने शहरवासियों, विशेषकर युवाओं से प्लास्टिक के उपयोग को कम करने और पर्यावरण संरक्षण के लिए जागरूक बनने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और स्वस्थ शहर के निर्माण में जनसहभागिता बेहद आवश्यक है।
कार्यशाला में प्लास्टिक मुक्त शहर बनाने के लिए विभिन्न उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई। विशेषज्ञों ने प्लास्टिक के दुष्प्रभावों और उसके विकल्पों पर भी प्रकाश डाला।
इस अवसर पर सीमा डेंटल कॉलेज के डॉक्टरों और छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और पर्यावरण संरक्षण तथा स्वच्छता के प्रति अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में नगर निगम के सहायक नगर आयुक्त चन्द्रकांत भट्ट सहित निगम के अधिकारी, कर्मचारी और अन्य गणमान्य लोगउपस्थित रहे।