1.36 लाख रुपये का मोबाइल झपटने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, स्कूटी भी बरामद
ऋषिकेश, 20 नवंबर। ऋषिकेश में राह चलते युवक का महंगा मोबाइल फोन छीनकर फरार हुए दो आरोपियों को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से 1.36 लाख रुपये कीमत का सैमसंग गैलेक्सी S25 अल्ट्रा मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई होंडा एक्टिवा स्कूटी बरामद की गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, गुमानीवाला के मनसा देवी निवासी विकास पुत्र गिरीश ने 17 नवंबर को कोतवाली ऋषिकेश में शिकायत दर्ज कराई थी कि वह रात करीब डेढ़ बजे मनसा देवी फाटक से फोन पर बात करते हुए पैदल घर जा रहे थे। इसी दौरान स्कूटी सवार दो युवक पीछे से आए और उनके हाथ से करीब 1 लाख 36 हजार रुपये कीमत का सैमसंग गैलेक्सी S25 अल्ट्रा मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए।
मामले में मुकदमा दर्ज होने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान 19 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली कि मोबाइल छीनने की घटना में शामिल दो युवक मनसा देवी फाटक से नटराज की ओर जाने वाली सड़क किनारे स्कूटी के साथ खड़े हैं।
सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों युवकों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से पीड़ित का छीना गया मोबाइल फोन बरामद हुआ। साथ ही घटना में इस्तेमाल की गई होंडा एक्टिवा स्कूटी संख्या UK14J-3273 भी पुलिस ने कब्जे में ले ली।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमन गोड (24) पुत्र अंगद गोड, निवासी चंद्रेश्वर नगर, ऋषिकेश और हिमांशु शर्मा (26) पुत्र वीरेंद्र शर्मा, निवासी बापूग्राम, आईडीपीएल, ऋषिकेश के रूप में हुई है। दोनों मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बलिया और बरेली जनपद के निवासी हैं।
पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।