लक्ष्मणझूला में गंगा के तेज बहाव में बहा 15 वर्षीय छात्र, तलाश में जुटी एसडीआरएफ
ऋषिकेश, 20 नवंबर। तीर्थनगरी ऋषिकेश के लक्ष्मणझूला क्षेत्र में गंगा नदी में स्नान के दौरान आगरा से घूमने आए स्कूली छात्रों के समूह का एक 15 वर्षीय छात्र तेज बहाव में बह गया। घटना के बाद जल पुलिस, स्थानीय लोगों और एसडीआरएफ की टीम ने छात्र की तलाश में सघन रेस्क्यू अभियान चलाया गया।
जानकारी के अनुसार, आगरा से स्कूली छात्रों का एक समूह ऋषिकेश भ्रमण पर आया हुआ था। दोपहर करीब तीन बजे छात्र लक्ष्मणझूला पुल के समीप स्थित घाट पर गंगा में स्नान कर रहे थे। इसी दौरान करीब 15 वर्षीय एक छात्र अचानक गंगा के तेज बहाव की चपेट में आ गया और देखते ही देखते पानी में बह गया। छात्र को बहता देख उसके साथियों ने शोर मचाया। मौके पर मौजूद जल पुलिस के जवानों और स्थानीय लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन गंगा का बहाव अत्यधिक तेज होने के कारण सफलता नहीं मिल सकी।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ पोस्ट ढालवाला से रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। टीम के डीप डाइवर्स ने गंगा में उतरकर लापता छात्र की तलाश में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया। काफी देर तक नदी में खोजबीन की गई, लेकिन छात्र का कोई पता नहीं चल सका।
थाना लक्ष्मणझूला पुलिस ने घटना की सूचना छात्र के परिजनों को दे दी है। घटनास्थल पर लक्ष्मणझूला पुलिस और जल पुलिस की टीमें भी मौजूद रहीं। एसडीआरएफ की टीम लापता छात्र की तलाश में जुटी हुई है।