दीपावली पर पटाखा विक्रेताओं को पुलिस की सख्त हिदायत,नियम तोड़े तो होगी कार्रवाई
ऋषिकेश 25 अक्टूबर। दीपावली पर्व को सुरक्षित और सकुशल संपन्न कराने के लिए ऋषिकेश पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शनिवार को कोतवाली ऋषिकेश परिसर में पटाखा विक्रेताओं की बैठक आयोजित की गई। प्रभारी निरीक्षक ने लाइसेंसधारक विक्रेताओं को पटाखों की बिक्री के दौरान निर्धारित नियमों, लाइसेंस की शर्तों और अग्नि सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए।
बैठक में पुलिस ने स्पष्ट किया कि बिना वैध लाइसेंस और सक्षम प्राधिकारी की अनुमति के पटाखों की बिक्री नहीं की जाएगी। विक्रेताओं को लाइसेंस में निर्धारित मात्रा के अनुसार ही पटाखों का भंडारण करने तथा केवल प्रशासन की ओर से निर्धारित और अनुमत स्थानों पर ही बिक्री करने के निर्देश दिए गए। बाजारों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, सार्वजनिक मार्गों और प्रतिबंधित स्थानों पर पटाखों की दुकान या स्टॉल लगाने पर रोक संबंधी नियमों का पालन करने को कहा गया।
पुलिस ने सभी पटाखा विक्रेताओं को अपनी दुकानों और स्टॉल पर अग्निशमन यंत्र, पानी से भरी पर्याप्त बाल्टियां तथा रेत या मिट्टी से भरी बाल्टियां रखने के निर्देश दिए। साथ ही स्टॉल के आसपास ज्वलनशील पदार्थ नहीं रखने और बीड़ी, सिगरेट, माचिस अथवा खुली आग का इस्तेमाल नहीं करने की हिदायत दी गई। विद्युत उपकरणों और वायरिंग की सुरक्षा पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया।
पुलिस ने निर्देश दिए कि पटाखों की दुकानों के आसपास आमजन के आवागमन में बाधा नहीं होनी चाहिए। किसी भी आपात स्थिति में लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने और राहत कार्य संचालित करने के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध रखी जाए। पुलिस ने विक्रेताओं को चेतावनी दी कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी, लाइसेंस की शर्तों का उल्लंघन या लापरवाही पाए जाने पर संबंधित विक्रेता के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
बैठक के अंत में पुलिस ने सभी पटाखा विक्रेताओं से दीपावली के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने और नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने की अपील की, ताकि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की अग्नि दुर्घटना से बचा जा सके।