ऋषिकेश को खेल क्षेत्र में बड़ी सौगात, बैराज कॉलोनी में बनेगा पहला इनडोर बैडमिंटन कोर्ट
ऋषिकेश, 24 अगस्त। तीर्थनगरी ऋषिकेश में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल शुरू हुई है। बैराज कॉलोनी वार्ड में शहर के प्रथम इनडोर बैडमिंटन कोर्ट के निर्माण कार्य का सोमवार को महापौर शंभू पासवान ने विधिवत शुभारंभ किया।
इस सुविधा के बनने से शहर के बच्चों, युवाओं और उभरते बैडमिंटन खिलाड़ियों को वर्षभर आधुनिक खेल सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
इनडोर बैडमिंटन कोर्ट के निर्माण से खिलाड़ियों को बारिश, गर्मी और अन्य मौसम संबंधी बाधाओं से मुक्त होकर नियमित अभ्यास का अवसर मिलेगा। इससे स्थानीय प्रतिभाओं को बेहतर प्रशिक्षण एवं अभ्यास का वातावरण मिलने के साथ ही उन्हें जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार होने में मदद मिलेगी।
इस अवसर पर महापौर शंभू पासवान ने कहा कि खेल केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं है, बल्कि इससे युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और सकारात्मक सोच का विकास होता है। नगर निगम का प्रयास है कि ऋषिकेश में विकास कार्यों के साथ खेल सुविधाओं का भी लगातार विस्तार किया जाए, ताकि स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने के लिए बेहतर मंच मिल सके।
उन्होंने कहा कि ऋषिकेश में बड़ी संख्या में प्रतिभाशाली बच्चे और युवा हैं। यदि उन्हें उचित संसाधन और प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाए तो वे राज्य और देश का नाम रोशन कर सकते हैं। इसी उद्देश्य से नगर निगम द्वारा खेल सुविधाओं को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में नगर निगम ऋषिकेश एवं समाजसेवी नीरजा गोयल के प्रयासों और सहयोग के लिए विशेष आभार व्यक्त किया गया। उपस्थित नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, खिलाड़ियों एवं खेल प्रेमियों ने इनडोर बैडमिंटन कोर्ट के निर्माण कार्य के शुभारंभ को ऋषिकेश के खेल जगत के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
इस अवसर पर स्थानीय पार्षद अभिनव सिंह मलिक, समाजसेवी नीरजा गोयल, लक्ष्मी नारायण जोशी, नगर निगम के अधिशासी अभियंता अनिल नेगी, अवर अभियंता योगेश सेमवाल, शिवानी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी उपस्थित रहे।