आंगनबाड़ी कर्मियों की मांगों पर सरकार गंभीर, मानदेय बढ़ाने पर विचार : पुष्कर सिंह धामी
देहरादून 2 मई। उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से सचिवालय में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सेविकाओं एवं मिनी कर्मचारियों के संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। संगठन की अध्यक्ष श्रीमती रेखा नेगी के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री के समक्ष अपनी विभिन्न समस्याओं एवं मांगों को विस्तार से रखा।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने आंगनबाड़ी कर्मियों की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए उन्हें आश्वस्त किया कि राज्य सरकार उनके मानदेय में सम्मानजनक वृद्धि के विषय में गंभीरतापूर्वक विचार कर रही है। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता महिला एवं बाल विकास की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और उनके हितों की अनदेखी नहीं की जाएगी।
इस अवसर पर महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग के सचिव ने जानकारी दी कि आंगनबाड़ी कर्मियों के मानदेय में वृद्धि के लिए भारत सरकार से भी अनुरोध किया गया है और इस दिशा में सकारात्मक प्रयास जारी हैं।
मुख्यमंत्री के आश्वासन के बाद प्रतिनिधिमंडल ने संतोष व्यक्त करते हुए प्रस्तावित हड़ताल को स्थगित करने पर सहमति जताई, जिससे प्रदेश में आंगनबाड़ी सेवाओं का संचालन सुचारू रूप से जारी रह सकेगा।
बैठक में सचिव मुख्यमंत्री श्री शैलेश बगौली, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग के सचिव चन्द्रेश कुमार तथा विभागीय निदेशक बी.एल. राणा सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।